सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में फिर तस्दीक की कि धर्मनिरपेक्षता भारत के संविधान का एक बुनियादी सिद्धांत और मूल ढांचे का हिस्सा है। यह एक स्वागतयोग्य पुनर्बयानी है, लेकिन यह चिंताजनक है कि अदालत को भारतीय राष्ट्र के इस बुनियादी पहलू को समय-समय पर दोहराना पड़ता है। इसकी जरूरत एक गुमराह याचिका से पैदा हुई जिसने सभी भारतीयों के लिए उत्सव के क्षण का सांप्रदायीकरण करने की कोशिश की। कर्नाटक सरकार ने अंतरराष्ट्रीय बुकर पुरस्कार-विजेता कन्नड़ लेखिका बानू मुश्ताक को, जो मुस्लिम हैं, चामुंडेश्वरी मंदिर में मैसुरु दशहरा पर्व के उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया था – जो उन्होंने सोमवार को किया भी। यह पर्व, जो एक राज्य-प्रायोजित सांस्कृतिक आयोजन है और विशुद्ध धार्मिक नहीं है, सभी समुदायों के लिए साथ आने और त्योहार की खुशियां बांटने के एक अवसर का काम करता है। सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में आरोप लगाया गया कि मुश्ताक की भागीदारी संविधान के अनुच्छेद 25 और 26, जो धर्म की स्वतंत्रता सुनिश्चित करते हैं, का उल्लंघन करती है। न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और संदीप मेहता की पीठ ने उचित ही यह याचिका खारिज कर दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में दशहरा पर्व निजी धार्मिक समारोह नहीं है। शीर्ष अदालत ने इस बात पर जोर दिया कि सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करते समय राज्य धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं कर सकता। उसने सवाल किया कि क्या याचिकाकर्ता ने संविधान की प्रस्तावना पढ़ी भी है, जो स्पष्ट रूप से समानता और धर्मनिरपेक्षता को बढ़ावा देती है। इससे पहले कर्नाटक हाईकोर्ट ने यह कहते हुए सरकार का फैसला सही ठहराया था कि एक धार्मिक आस्था वाले व्यक्ति के दूसरी धार्मिक आस्था के कार्यक्रमों में भाग लेने से किसी के संवैधानिक अधिकार का उल्लंघन नहीं होता।
धर्म का पालन करने और धर्म में विश्वास जताने के संवैधानिक अधिकार की व्याख्या एक धार्मिक आस्था की प्रथाओं में दूसरों की भागीदारी रोकने के अधिकार के रूप में नहीं की जा सकती। किसी सार्वजनिक जुटान में भागीदारी पर धर्म के आधार पर पाबंदियां लगाना एक बहुलवादी समाज में अक्षम्य है। हालांकि अब भी कुछ ऐसे उपासना स्थल हैं जो खास समूहों के लिए ही प्रवेश सीमित करते हैं, लेकिन ऐसी प्रथाएं कानूनी और नैतिक बहस का मुद्दा बनी हुई हैं। जो लोग अपने उत्सवों में स्वेच्छा और खुशी से शामिल होने वाले किसी व्यक्ति को अपने धर्म के लिए खतरा समझते हैं, वे या तो हरेक को बदनीयत समझने वाले लोग हैं या फिर धूर्त। वास्तव में, कई सदियों से और तमाम भौगोलिक क्षेत्रों में, त्योहारों और तीर्थयात्राओं ने अक्सर सामाजिक अवरोधों को लांघते हुए, भारत की विविधतापूर्ण आबादी को एक किया है। इस साझा, मिली-जुली सांस्कृतिक विरासत की स्वीकार्यता सभी भारतीय दलों के बीच एक साझा सूत्र है, भले ही उनमें कितनी भी असहमतियां क्यों न हों। हालांकि, राजनीतिक मौकापरस्तों का एक नया समूह सांप्रदायिक दरारें पैदा कर और सह-अस्तित्व के तर्क को उलट कर इस आपसी सामंजस्य में सेंध लगा रहा है। जैसा कि सुप्रीम कोर्ट ने संकेत दिया है, इन व्यक्तियों को जवाबदेह ठहराये जाने की जरूरत है।
