सऊदी अरब और पाकिस्तान के बीच आपसी रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर दोनों देशों के साथ-साथ पश्चिम और दक्षिण एशिया के लिए भी एक महत्वपूर्ण मोड़ है। इस समझौते में यह एलान किया गया है कि “किसी भी हमले को … दोनों देशों के विरुद्ध हमला माना जाएगा”। इस्लाम की दो सबसे पवित्र मस्जिदों के संरक्षक सऊदी अरब और इस्लामी जगत की एकमात्र परमाणु ताकत पाकिस्तान के बीच हमेशा से एक ख़ास रिश्ता रहा है। पाकिस्तान दशकों से सऊदी अरब की सेनाओं को प्रशिक्षित करता रहा है, जबकि सऊदी अरब ने इस्लामाबाद के परमाणु कार्यक्रम के लिए इमदाद समेत उदार वित्तीय सहायता मुहैया करायी है। इस समझौते के साथ, यह साझेदारी अब संस्थागत हो गई है। फिर भी, इजराइल द्वारा कतर पर बमबारी के एक हफ्ते बाद इसके एलान का वक्त फारस की खाड़ी के सुरक्षा परिदृश्य में बदलते हालात को रेखांकित करता है। दशकों तक, इस इलाके के राजतंत्र अमेरिका की ठोस सुरक्षा गारंटी पर निर्भर रहे। लेकिन अमेरिका का ध्यान पश्चिम एशिया से हटने के साथ, पुराने ढांचे की स्थायित्व पर सवाल उठने लगे हैं। जब 2019 में ईरानी सहयोगियों ने सऊदी तेल प्रतिष्ठानों पर हमला किया, तो अमेरिका ने कुछ नहीं किया। पश्चिम एशिया में अमेरिका के सबसे बड़े अड्डे, कतर पर इजराइल के हमले ने इस बदलाव को और तेज कर दिया है।
अब्राहम समझौते में, अमेरिका ने ईरान के खिलाफ एक साझा मोर्चा बनाने के लिए अरब के राजतंत्रों और इजराइल को करीब लाने की कोशिश की थी। संयुक्त अरब अमीरात सहित चार अरब देशों ने इस पर हस्ताक्षर किए थे और सऊदी अरब के भी ऐसा ही करने की उम्मीद थी। लेकिन 7 अक्टूबर, 2023 के हमास के हमले और इजराइल के गाजा युद्ध, जो अब अन्य देशों में भी फैल गया है, ने इस प्रक्रिया को पटरी से उतार दिया है। पाकिस्तान के साथ समझौते के साथ, सऊदी अरब वाशिंगटन और तेल अवीव को एक स्पष्ट संकेत दे रहा है कि वह अपने सुरक्षा गठबंधनों में विविधता ला रहा है। पाकिस्तान, जिसे सऊदी वित्तीय सहायता की सख्त जरूरत है, के लिए एक ऐसे वक्त में घनिष्ठ रक्षा संबंध, जब खाड़ी देशों के राजतंत्र इजराइल के अनियंत्रित सैन्यवाद से परेशान हैं, खुद को एक सुरक्षा प्रदाता के रूप में पेश करने का एक अवसर है। भारत, जिसने मई में पाकिस्तान के साथ युद्ध किया था, के लिए यह समझौता पश्चिम एशिया में उसकी गतिविधियों को जटिल बना सकता है। चूंकि भारत ने इजराइल समर्थक रुख अपनाया है, अरब राजतंत्र अपनी बाजीगरी को सुरक्षित रखते दिख रहे हैं, भले ही इसका मतलब भारत की चिंताओं को नजरअंदाज करना हो। फिर भी, यह साफ नहीं है कि यह समझौता सऊदी अरब को पाकिस्तान की परमाणु छतरी प्रदान करता है या नहीं या फिर पाकिस्तान पर हमला होने पर सऊदी अरब तत्काल प्रतिक्रिया देगा कि नहीं। इस समझौते के साथ फंसने के जोखिम भी जुड़े हैं: पाकिस्तान को पश्चिम एशिया के चौतरफा संकट में घसीटा जा सकता है या सऊदी अरब को दक्षिण और मध्य एशिया के तनावों में घसीटा जा सकता है। भारत को पश्चिम एशिया की सुरक्षा व्यवस्था में हो रहे तेजी से बदलाव के मद्देनजर तैयार होना होगा। वह अलग-थलग पड़े और खतरनाक इजराइल की ओर अपना झुकाव दोगुना करने के लिए प्रेरित हो सकता है। लेकिन यह एक भूल होगी। इसके बजाय, भारत का दीर्घकालिक ध्यान इस क्षेत्र में स्थिरता को बढ़ावा देने और अपनी पश्चिम एशिया नीति के सभी स्तंभों के बीच एक रणनीतिक संतुलन बनाए रखने पर होना चाहिए।
