मुंबई के ओशिवारा इलाके के नालंदा सोसायटी में हुई कथित फायरिंग की घटना में राइटर-डायरेक्टर और एक स्ट्रगलिंग मॉडल को टारगेट किया गया था। इस घटना में किसी को गोली नहीं लगी लगी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।मुंबई: ओशिवारा इलाके के नालंदा सोसायटी में रविवार शाम हुई कथित फायरिंग की घटना में राइटर-डायरेक्टर और एक स्ट्रगलिंग मॉडल को टारगेट किया गया था। गनीमत रही कि इस फायरिंग में किसी को गोली नहीं लगी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, नालंदा सोसायटी की दूसरी मंजिल पर राइटर और डायरेक्टर नीरज कुमार मिश्रा रहते हैं, जबकि चौथी मंजिल पर स्ट्रगलिंग मॉडल प्रतीक वैद्य का घर है। फायरिंग के बाद दोनों फ्लैट में गोली लगने के स्पष्ट निशान पाए गए हैं, जिससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि यह हमला सीधे उन पर ही निशाना बनाकर किया गया हो सकता है। हालांकि, ओशिवारा पुलिस डायरेक्टर या मॉडल को टारगेट कर गोली चलाने की घटना से साफ इनकार कर रही है। नीरज कुमार मिश्रा और प्रतीक वैद्य ने भी कथित ‘टारगेट’ करने की बात से इनकार किया है। बता दें कि रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे अचानक फायरिंग की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों का दावा है कि अज्ञात हमलावर ने इमारत की ओर ताबड़तोड़ गोली चलाई और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही ओशिवरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर को घेर कर जांच शुरू कर दी। गोली किसने चलाई और किसे निशाना बनाया गया, इस बारे में पुलिस अधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है। पुलिस की टीमें घटनास्थल से मिले सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर यह पता लगा रही है कि फायरिंग किसने और किस दिशा से किया था। ओशिवारा पुलिस केस दर्ज कर घटना की जांच कर रही है।मुंबई के डीसीपी जोन-9 के दिक्षित गेडाम ने बताया कि नालंदा बिल्डिंग की दूसरी और चौथी मंजिल के फ्लैट में एक-एक गोली लगी है। किसी सदस्य को चोट नहीं आई हैं। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देख कई टीमें बनाई गई हैं, जो अलग-अलग पहलुओं से घटना की जांच कर रही हैं। वहीं, वेस्ट रीजन के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त परमजीत सिंह दहिया ने बताया कि नालंदा इमारत की दूसरी और चौथी मंजिल पर जमीन पर दो प्रोजेक्टाइल मिले हैं। दीवार और लकड़ी के एक डब्बे पर गोली के निशान मिले हैं। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर मौजूद मलबे और निशानों की फॉरेंसिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान जारी है।