सीहोर। जिले के बुदनी अनुभाग के कोठरापिपलिया क्षेत्र में आर्थिक तंगी और लेन-देन के विवाद से परेशान एक युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करने के बाद कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सुमेर पंवार के रूप में हुई है।
मामले की पुष्टि बुदनी एसडीओपी रवि शर्मा ने की है।
एसडीओपी रवि शर्मा के अनुसार सुमेर पंवार ने जहर का सेवन किया था। परिजन उसे उपचार के लिए भैरुंदा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में सुमेर पंवार ने अपनी आर्थिक परेशानियों, बकाया रकम और कथित मानसिक प्रताड़ना का जिक्र किया। उसने दावा किया कि उसने कई लोगों से लिया गया मूलधन चुका दिया था, लेकिन ब्याज की मांग और लगातार दबाव के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था।
वीडियो में उसने यह भी आरोप लगाया कि बाजार में उसके करीब 30 लाख रुपये से अधिक फंसे हुए हैं, जिनका भुगतान उसे नहीं मिला। उसने कहा कि आर्थिक संकट के चलते उसे अपनी कांकरिया स्थित जमीन, अन्य संपत्ति और घर के वाहन तक बेचने पड़े।
वीडियो में सुमेर ने कई लोगों के नाम लेते हुए उनसे संबंधित बकाया राशि का भी उल्लेख किया। उसने दावा किया कि दो लोगों से 25-25 लाख रुपये, जबकि व्यक्ति के 6 लाख रुपये बकाया हैं।
इसके अलावा उसने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति ने 35 हजार रुपये के लेन-देन को बढ़ाकर 60 हजार रुपये कर दिया और उससे कुल 4.5 लाख रुपये वसूल लिए। उसने यह भी कहा कि रामबाबू पटेल के पास उसकी जीप और स्कूटी खड़ी है, जिसे उसके परिजनों को वापस सौंप दिया जाए।
उसने अपने परिजनों से अनुरोध किया कि उसके फंसे हुए पैसे और वाहन वापस दिलाने का प्रयास करें। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वीडियो में लगाए गए आरोपों की सत्यता की भी जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Author: The Suryadon
सच्चाई की आवाज