रायगढ़ में नंबर प्लेट पर कवर लगाकर भरवाया 5,100 रुपये का पेट्रोल, बिना पेमेंट किए कार ड्राइवर फरार

SHARE:

रायगढ़। जिले के कोतरा रोड थाना क्षेत्र स्थित बघनपुर के वान्या कुंज फ्यूल्स (एचपी पेट्रोल पंप) में एक कार चालक द्वारा 5,100 रुपये का पेट्रोल भरवाकर बिना भुगतान किए फरार होने का मामला सामने आया है। पेट्रोल पंप संचालक ने मामले की शिकायत कोतरा रोड थाने में दर्ज कराते हुए चालक के खिलाफ कार्रवाई और बकाया राशि दिलाने की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, 24 जुलाई 2026 की रात करीब 1:38 बजे एक सफेद रंग की हुंडई कार पेट्रोल पंप पर पहुंची। चालक ने कर्मचारियों से वाहन में 5,100 रुपये का पेट्रोल भरवाया। पेट्रोल भरने के बाद जब कर्मचारियों ने भुगतान मांगा तो चालक बहाना बनाने लगा। इसी दौरान उसने अचानक कार तेज गति से रायगढ़ की ओर दौड़ा दी और मौके से फरार हो गया। कर्मचारियों के संभलने से पहले ही कार राष्ट्रीय राजमार्ग-49 की ओर निकल चुकी थी।

पेट्रोल पंप प्रबंधन के मुताबिक, आरोपित ने अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से कार की नंबर प्लेट पर कवर लगा रखा था। इसके कारण वाहन का पंजीयन नंबर स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे सका। हालांकि, पेट्रोल पंप परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कार के आने से लेकर पेट्रोल भरवाने और फरार होने तक की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई, जिसे सुरक्षित रखा गया है।

पेट्रोल पंप संचालक तरुण पटेल ने पुलिस को दिए आवेदन में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने तथा बकाया राशि दिलाने की मांग की है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से कार और उसके चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।

 

The Suryadon
Author: The Suryadon

सच्चाई की आवाज

[ays_poll id=1]
सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य