शाजापुर। राजगढ़ जिले के खुजनेर क्षेत्र में शनिवार को हुए सड़क हादसे ने दो गांवों की खुशियों को छीन लिया। शाजापुर जिले के अवंतिपुर बड़ोदिया थाना क्षेत्र के ग्राम अरनिया खुर्द और अरंडिया के पांच लोग बेटे के लिए रिश्ता देखने जा रहे थे, जब उनकी कार अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गई।
इस हादसे में सभी पांच लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, ग्राम अरनिया खुर्द के निवासी गोविंद तिवारी अपने बेटे राहुल के लिए रिश्ता देखने परिवार और रिश्तेदारों के साथ खुजनेर जा रहे थे, उन्हें खाटू श्याम मंदिर भी जाना था।
लेकिन उनकी कार बडलावदा तालाब में गिर गई। आसपास के लोग और पुलिस पहुंची लेकिन किसी को बचा नहीं पाई। हादसे में अरनिया खुर्द निवासी गोविंद तिवारी (50 वर्ष), उनके चचेरे भाई कमल किशोर तिवारी उर्फ ऋषि (60 वर्ष), शंकरनाथ (60 वर्ष) व अरंडिया निवासी अरविंद वर्मा (42 वर्ष), रोहित पटेल (35 वर्ष) की मौत हो गई।
कमल किशोर गांव के मंदिर में पुजारी हैं। कार अरविंद वर्मा चला रहे थे। बता दें कि गोविंद तिवारी के घर में बेटे की शादी को लेकर खुशी का माहौल था।
परिवार को विश्वास था कि इस बार रिश्ता तय हो जाएगा, लेकिन जैसे ही इस घटना की सूचना गांवों में पहुंची, शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है, लेकिन गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।
Author: The Suryadon
सच्चाई की आवाज