
जब 10 अक्टूबर को गाजा में संयुक्त राज्य अमेरिका की मध्यस्थता से युद्ध विराम लागू हुआ, तो सभी पक्षों के सामने एक बड़ा सवाल यह था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दबाव में युद्ध विराम स्वीकार करने वाले इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू बंधकों की रिहाई के बाद अपनी प्रतिबद्धताओं का सम्मान करेंगे या नहीं। बमुश्किल तीन हफ्ते बाद, हमास को नेस्तनाबूद करने की कसम खाने वाले नेतन्याहू को दोबारा हमले शुरू करने का एक सुविधाजनक बहाना मिल गया। उन्होंने हमास पर युद्ध विराम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया और यह दावा किया कि उक्त समूह द्वारा लौटाए गए अवशेष पहले से ही बरामद बंधक के शरीर के अंग थे। ऐसा माना जा रहा है कि कई बंधक मलबे के नीचे दबे हुए हैं, जबकि गाजा के अधिकारी और मिस्र के उत्खननकर्ता बंदियों के शवों का पता लगाने व उनकी पहचान करने के लिए जूझ रहे हैं। मंगलवार को इजराइल ने कहा कि आतंकवादियों ने दक्षिणी गाजा के राफा में सैनिकों पर टैंक रोधी मिसाइलें दागीं, जिसमें एक सैनिक मारा गया – हमास ने इसमें अपनी संलिप्तता से इनकार किया है। नेतन्याहू ने जवाबी हमले का आदेश दिया, जिससे रातोंरात 104 फिलिस्तीनी मारे गये। मारे गए लोगों में 46 बच्चे और 20 महिलाएं शामिल थीं। हमले के बाद, इजराइल ने एलान किया कि युद्ध विराम फिर से प्रभावी हो गया है – लेकिन अगर इजराइल को फिलिस्तीनी नागरिकों पर विनाशकारी हमले करने की आजादी है, तो वह किस किस्म के युद्ध विराम का पालन कर रहा है?
भले ही युद्ध विराम ने फिलीस्तीनियों को इजराइल की रोजाना की बमबारी से राहत प्रदान की और बंधकों एवं फिलीस्तीनी कैदियों को रिहा करने की इजाजत दी, लेकिन किसी विश्वसनीय प्रवर्तन तंत्र की गैरमौजूदगी ने इसे अत्यंत नाजुक बना दिया है। इजराइली सेना अभी भी गाजा के लगभग 55 फीसदी इलाके पर नियंत्रण रखती है। यह उम्मीद करना बेमानी होगा कि 24 महीनों में बार-बार बमबारी और विस्थापन झेलने वाले फिलिस्तीनी, इजराइली सैन्य कब्जे को चुपचाप स्वीकार कर लेंगे। हमास ने गाजा के बाकी हिस्सों पर अपना नियंत्रण मजबूत कर लिया है। उधर इजराइल में, नेतन्याहू के धुर-दक्षिणपंथी गठबंधन सहयोगी चाहते हैं कि यह युद्ध जारी रहे और गाजा से फिलिस्तीनियों का नस्ली सफाया हो जाए। गहरे अविश्वास के बावजूद, सभी पक्ष बड़े पैमाने पर अमेरिकी दबाव में युद्ध विराम पर सहमत हुए थे – हमास को राहत की जरूरत थी और इजराइल अपने बंधकों की वापसी चाहता था। ट्रम्प की शांति योजना का अगला चरण और भी ज्यादा विवादास्पद है क्योंकि इसमें हमास के निरस्त्रीकरण की बात कही गई है, जिस पर वह सहमत नहीं है। अगर ट्रम्प शांति प्रयासों को लेकर गंभीर हैं, तो उन्हें अपनी योजना की जिम्मेदारी लेनी होगी और ऐसे तंत्र बनाने होंगे जो दोनों पक्षों द्वारा अपनी प्रतिबद्धताओं का पालन किया जाना सुनिश्चित करें। शांति के बारे में उनकी शेखी का कोई मतलब नहीं होगा अगर वे युद्धविराम लागू रहने का दावा करते हुए इजराइल को बेरोकटोक फिलिस्तीनी नागरिकों की हत्या जारी रखने की इजाजत देते हैं। किसी भी युद्धविराम समझौते को कायम रखने के लिए, इजराइली सैनिकों को गाजा से हटना होगा और एक नए फिलिस्तीनी प्रशासन को इस परिक्षेत्र का प्रभार सौंपना होगा। गाजा में फिलिस्तीनियों को जिस चीज की सख्त जरूरत है, वह है उबरने, पुनर्वास और पुनर्निर्माण के लिए सहायता, न कि और बम।
Author: The Suryadon
सच्चाई की आवाज